|
|
लाल निशान के पार हुआ बागमती का जलस्तर
जागरण संवाददाता, शिवहर। शिवहर सहित नेपाल के तराई में जारी बारिश के चलते रविवार को बागमती नदी का जलस्तर लाल निशान के पार कर गया है। वहीं जलस्तर में तेज वृद्धि जारी है। तत्काल बागमती नदी लाल निशान 61.28 मीटर से 72 सेंटीमीटर ऊपर बह रही है। विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें
बाढ़ का पानी तरियानी, पिपराही व पुरनहिया प्रखंड के निचले इलाकों में फैल रहा है। खेतों में लगी फसलें बाढ़ के पानी में डूब गई है। नदी की धाराएं जगह-जगह कटाव कर रही है। पिपराही पुल के पास जारी कटाव में पांच विद्युत पोल बह गया है। इसके चलते पूरे पुरनहिया प्रखंड की विद्युत आपूर्ति ठप हो गई है।
बाढ़ का पानी घरों में घुसने लगा
जबकि पुरनहिया प्रखंड की बराही वार्ड 11 में बाढ़ का पानी घरों में घुसने लगा है। प्रशासनिक टीम लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए मौके पर पहुंच गई है। इधर, बाढ़ को लेकर जिला प्रशासन और बागमती प्रमंडल की टीमें अलर्ट है।
रातभर प्रशासनिक टीम ने बागमती नदी के विभिन्न तटबंधों की निगरानी करती रही। आधी रात बाद से ही जलस्तर में वृद्धि होने लगी। सुबह होते ही जलस्तर में तेज वृद्धि होने लगी जो अब भी जारी है।
चार दिनों तक शिवहर सहित नेपाल के तराई में हुई बारिश
बताते चलें कि इस साल बागमती नदी सूखी व बेजान थी। दस जुलाई को इसका जलस्तर 61 मीटर गया था जो इस साल का सर्वाधिक जलस्तर था। इसके बाद से जलस्तर लगातार कम हो रहा था। इसी बीच लगातार चार दिनों तक शिवहर सहित नेपाल के तराई में हुई बारिश के चलते शनिवार को जलस्तर में उफान आ गया।
वहीं रविवार को जलस्तर लाल निशान को पार कर गया। इस साल यह पहला मौका है जब जलस्तर ने लाल निशान को पार किया है। इधर, जलस्तर में वृद्धि के चलते पुरनहिया प्रखंड के अदौरी, बराही, पिपराही पुनर्वास, दोस्तियां, चक फतेहा, पिपराही प्रखंड के बेलवा, इंदरवा, नरकटिया, देकुली धर्मपुर, तरियानी प्रखंड के मोहारी, मोतनाजे, चक सुरगाही व तरियानी छपरा आदि गांवों के लोग दहशत में है। |
|