|
|
कविनगर में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते वरिष्ठ प्रचारक एवं सदस्य राष्ट्रीय कार्यकारणी इंद्रेश कुमार।
जागरण संवाददाता, गाजियाबाद। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के 100 वर्ष पूर्ण होने पर रविवार को कविनगर स्थित विवेकानंद शिशु मंदिर में विजयदशमी उत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता वरिष्ठ प्रचारक एवं आरएसएस की राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य इंद्रेश कुमार मौजूद रहे। विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें
वरिष्ठ प्रचारक इंद्रेश कुमार ने कहा कि महंगाई और भ्रष्टाचार की जड़ें दूसरे देशों में हैं, लेकिन उसका बोझ भारत को उठाना पड़ता है। भारत ही ऐसा देश है जो विश्व में युद्ध रोक सकता है।
उन्होंने कहा कि सबसे बड़ा युद्ध महाभारत था, जो 5200 वर्ष पहले केवल 18 दिनों में समाप्त हुआ था। भारत विश्व में शांति का संदेश देने वाला राष्ट्र है और यही कारण है कि आज पूरा विश्व भारत की ओर आशा भरी नजरों से देख रहा है।
उन्होंने दीपावली पर विशेष संदेश देते हुए कहा कि इस बार हर व्यक्ति एक-एक दीपक अपने मोहल्ले, बस्ती और गली में जलाए। एक दीपक नशा मुक्त भारत के लिए, एक छुआछूत से मुक्त समाज के लिए और एक प्रदूषण मुक्त देश के लिए जलाया जाए।
उन्होंने कहा कि बच्चों में अच्छे संस्कार और सदचरित्रता मारपीट या उपेक्षा से नहीं, बल्कि जीवन मूल्यों से ही लाई जा सकती है। उन्होंने लोगों से अपील की कि इस दीपावली पर स्वदेशी वस्तुओं की खरीद करें और स्वदेशी जीवनशैली अपनाएं।
उन्होंने कहा कि हिंदुस्तान विश्व गुरु था, है और हमेशा रहेगा। जाति-पात और दंगों से दूर रहकर समाज को एकजुट करने का प्रयास करना ही आज की सच्ची आवश्यकता है।
यह भी पढ़ें- पाकिस्तानियों की जुबान से नहीं छूट रहा झूठ, सेना के बयानों को मानें सच : वीके सिंह |
|