|
|
जयंत राज और चाणक्य प्रकाश
संवाद सूत्र, बांका। बिहार के भवन निर्माण मंत्री सह अमरपुर के जदयू विधायक जयंत राज कुशवाहा और उनकी पत्नी कुमारी शिल्पी सुरभि करीब दो करोड़ 90 लाख की संपत्ति की मालिक हैं। पिछले पांच साल के दौरान संपत्ति में करीब सवा दो करोड़ रुपए की बढ़ोतरी हुई है। विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें
अभी जयंत राज के पास अस्थायी संपत्ति एक करोड़ 54 लाख का है, जबकि उनकी पत्नी कुमारी शिल्पी सुरभि के पास 32 लाख का है। जबकि पांच साल पहले जयंत राज के पास सात लाख 93 हजार और पत्नी के पास पांच लाख की संपत्ति थी।
चुनावी हलफनामा के अनुसार कृषि योग्य भूमि सहित अन्य स्थाई संपत्ति की बात की जाए तो जयंत राज के पास 90 लाख 50 हजार रुपए की है, जबकि उनकी पत्नी के पास 14 लाख की संपत्ति है।
पांच साल पहले जयंत राज के पास स्थायी संपत्ति 41 लाख और पत्नी के पास छह लाख की थी। दोनों ने लोन भी ले रखा है। जयंत राज ने 32 लाख 86 हजार और उनकी पत्नी ने साढ़े सात लाख लोन लिया है।
जयंत राज सामाजिक कार्य के साथ-साथ कृषि, डेयरी और मछली पालन भी करते हैं, जबकि उनकी पत्नी के आय का स्रोत प्राइवेट जाब के साथ-साथ कृषि है। जयंत राज तिलकामांझी भागलपुर विश्वविद्यालय से 2012 में एमए की परीक्षा पास की है।
1.21 करोड़ के मालिक हैं सांसद पुत्र चाणक्य प्रकाश
राजद के टिकट पर बेलहर विधानसभा से चाणक्य प्रकाश रंजन ने शनिवार को नामांकन का पर्चा भर दिया है। चुनावी हलफनामा के अनुसार चाणक्य प्रकाश एक करोड़ 21 लाख की संपत्ति के मालिक हैं। इसमें से उनके पास अस्थायी संपत्ति 19 लाख और स्थायी संपत्ति एक करोड़ तीन लाख रुपए का है।
अस्थायी संपत्ति में उनके पास नगदी 5500 रुपए हैं। जबकि बैंक में करीब ढाई लाख रुपए जमा है। शेयर में चाणक्य प्रकाश ने करीब 65 हजार रुपए निवेश कर रखा है। साथ ही उनके पास 25 ग्राम सोना भी है, जिसकी कीमत तीन लाख रुपए के करीब है।
चाणक्य प्रकाश के पास करीब सात एकड़ 44 डिसमिल कृषि योग्य भूमि है, जिसकी वर्तमान बाजार कीमत 28 लाख रुपए है। उन्होंने किसी प्रकार का ऋण नहीं लिया है। चाणक्य लंदन से पढ़ाई की है। चाणक्य जदयू सांसद गिरिधारी यादव के पुत्र हैं। |
|