|
|
जागरण संवाददाता, लोहरदगा। कुडू थाना पुलिस ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए 168 किलोग्राम अवैध गांजा के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। गांजा का यह खेप ओडिशा के झारसुगोड़ा से बिहार ले जाई जा रही थी।
जिसकी गुप्त सूचना एसपी सादिक अनवर रिजवी को मिलने के बाद कुडू थाना पुलिस की टीम ने फोर्ड कार संख्या बीआर11 जेड-3556 को पीछा कर जब्त कर लिया। एसपी सादिक अनवर रिजवी ने इसकी जानकारी मीडिया से बातचीत में दी। विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें
उन्होंने बताया कि 18 अक्तूबर को गुप्त सूचना मिली थी कि एक फोर्ड कार से ओडिशा से बिहार की ओर गांजा की तस्करी की जा रही है। सूचना मिलते ही उन्होंने लोहरदगा और कुडू थाना प्रभारी को संयुक्त रूप से वाहन जांच अभियान चलाने का निर्देश दिया।
जिसके बाद लोहरदगा-चंदवा रोड़ में चांपी चौक पर वाहन जांच अभियान लगाया। वाहन जांच होता देख कार चालक ने मौके पर पुलिस बल को देखकर तेजी से भाग निकला।
इसके बाद पुलिस की टीम ने तुरंत पीछा किया। लोहरदगा-चंदवा मुख्य मार्ग स्थित कल्वा ढोड़ा के पास कार चालक ने नियंत्रण खो दिया और कार पेड़ से जा टकराई और कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई।
पुलिस ने मौके से दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया। जिसकी पहचान अमीश कुमार लाल (19 वर्ष), पिता संजय लाल, निवासी झारसुगोड़ा, ओडिशा (स्थायी पता औरंगाबाद, बिहार) तथा आकाश राय (19 वर्ष) पिता ओसियर राय, निवासी झारसुगोड़ा, ओडिशा (स्थायी पता–छपरा, बिहार) के रूप में हुई।
कुडू के अंचलाधिकारी की उपस्थिति में कार की तलाशी ली गई, जिसमें कार से 168 किलोग्राम अवैध गांजा और एक एंड्रॉइड मोबाइल मिला। जिसे पुलिस की टीम ने बरामद कर लिया।।
इस अभियान में कुडू थाना प्रभारी मनोज कुमार, पुअनि अश्विनी कुमार राणा, सअनि चारो उरांव, कुडू थाना सैट-78 के सशस्त्र बल और चांपी पिकेट बल शामिल थे। गिरफ्तार दोनों गांजा तस्करों के खिलाफ कुडू थाना पुलिस प्राथमिकी दर्ज कर मामले में संलिप्त अन्य तस्करों की तलाश में जुट गई है। |
|