|
|
संवाद सूत्र, मझगांवा। घर की छत पर खेल रही पांच वर्षीय बच्ची की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से उसकी मृत्यु हो गई। यह हादसा सुरौली थाना क्षेत्र के ग्राम परसा जंगल में शनिवार की शाम हुआ। स्वजन में चीख पुकार मच गई। विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें
गांव के रहने वाले मेघनाथ यादव के छत के समीप से 11 हजार वोल्ट की लाइन गई है। उनकी पुत्री अनन्या छत पर खेल रही थी। तभी करंट की चपेट में आ गई। उसके चीखने की आवाज सुनकर मां सरोज देवी दौड़ीं और उसे छुड़ाने की कोशिश करने लगीं, लेकिन वह भी करंट की चपेट में आकर दूर जा गिरीं।
इसी बीच आसपास के लोगों ने लाठी से तार हटाकर बच्ची को किसी तरह अलग किया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। मौके पर ही उसने दम तोड़ दिया था।
सूचना पर पहुंची सुरौली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर देवरहा बाबा मेडिकल कालेज पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की जानकारी मिलते ही पिता मेघनाथ यादव का रो-रो कर बुरा हाल हो गया। पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। |
|