|
|
गुडबाल बांध निर्माण को लेकर निविदा जारी। फाइल फोटो
संवाद सहयोगी, शंभुगंज (बांका)। प्रखंड के गुलनी और वैदपुर पंचायत के मध्य सिलौटा मौजा स्थित ऐतिहासिक गुडबाल बांध निर्माण को लेकर निविदा निकल गई है। स्थानीय विधायक सह पूर्व मंत्री जयंत राज कुशवाहा ने राज्य सरकार के अंतिम कैबिनेट की बैठक में इसकी स्वीकृति दिलाई है। विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें
इसके लिए 81.53 करोड़ की राशि आवंटित होने पर इसके निर्माण की निविदा निकल गई है। डेढ़ साल में निर्माण कार्य पूरा होगा। किसान लालबिहारी सिंह ने कहा कि सौ वर्ष बाद स्थानीय विधायक सह पूर्व मंत्री जयंत राज कुशवाहा के द्वारा गुडबाल बांध को संजीवनी मिली है।
कार्यपालक अभियंता, सिंचाई विभाग बिजीखोरवा के तहत इसका संचालन होगा। टेंडर प्रक्रिया पूर्ण होते ही 18 माह के भीतर बांध निर्माण कार्य पूरा कर लिया जाएगा। किसानों ने कहा कि कहा कि लगभग सौ वर्षों बाद गुडबाल बांध का यह सबसे बड़ा पुनर्निर्माण होगा।
यह बांध अंग्रेजी शासनकाल में बदुआ नदी के पानी को संग्रह कर सिंचाई के लिए सन 1926 में बनाया गया था। पर समय के साथ बदुआ नदी की तेज धारा और बाद में अवैध बालू खनन ने बांध को पूरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। पिछले कई दशकों से बांध जर्जर स्थिति में पड़ा था, जिसके कारण क्षेत्र में खेती लगभग चौपट हो गई थी।
कृषि आधारित आजीविका को नई मजबूती मिलेगी
बांध के बनने से बांका जिले के साथ-साथ मुंगेर और भागलपुर के किसानों को भी बड़ा लाभ मिलेगा। प्रभाकर सिंह, चंदन शर्मा और अन्य ग्रामीणों ने बताया कि बांध बन जाने से करीब ढाई हजार हेक्टेयर भूमि को सिंचाई सुविधा मिलेगी।
इससे खेती फिर से पटरी पर लौटेगी और कृषि आधारित आजीविका को नई मजबूती मिलेगी। किसानों ने इस महत्वपूर्ण परियोजना के लिए विधायक जयंत राज का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह निर्णय पूरे क्षेत्र के विकास के लिए मील का पत्थर साबित होगा।
गुडबाल बांध किसानों की लंगी मांगें थी। जिसे पूरा कर दिया गया है। इसके बनने से हजारों एकड़ जमीन की सिंचाई होगी। वे हमेशा क्षेत्र की समस्या को दूर करते रहे हैं। आगे भी अमरपुर सहित पूरे प्रदेश के लिए काम करते रहेंगे। कैबिनेट की बैठक में स्वयं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से अनुरोध कर इसकी स्वीकृति दिलाई थी। उन्होंने जो अमरपुर व शंभूगंज प्रखंड की जनता से वादा किया है उसे सदा पूरा किया जाएगा। इसके पहले सड़कों से लेकर नदी,तालाबों व नहरों का जाल बिछाया गया है। -जयंत राज कुशवाहा, नवनिर्वाचित विधायक सह पूर्व मंत्री |
|