|
|
प्रस्तुति के लिए इस्तेमाल की गई तस्वीर। (जागरण)
संवाद सूत्र, मनुआपुल। सिरिसिया थाना क्षेत्र के पटखौली गांव में शनिवार की रात बरात में वरमाला के दौरान कतिपय तत्वों द्वारा की गई फायरिंग में दुल्हन की बुआ समेत दो लोग जख्मी हो गए हैं। दोनों के हाथ में गोली लगी है। विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें
स्थानीय स्तर पर उनका उपचार हो रहा है। दोनों खतरे से बाहर हैं। घटना की सूचना पर एसडीपीओ विवेक दीप व सिरसिया थानाध्यक्ष दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच की।
मामले में पुलिस दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। हथियार बरामदगी के लिए छापेमारी की जा रही है। घटना में सिरिसिया थाना क्षेत्र के चरगाहा निवासी हीरो हुसैन (30) व दुल्हन की बुआ पूर्वी चंपारण के पहाड़पुर थाना क्षेत्र के परसौनी निवासी उर्मिला देवी (40) जख्मी हैं।
घटना का कारण पूर्व का विवाद बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार मझौलिया थाना क्षेत्र के धनकुटवा गांव से इंद्रजीत महतो के पुत्र मुन्ना कुमार की शादी सिरिसिया थाना क्षेत्र के स्व. विनोद महतो की पुत्री से तय हुई थी।
शनिवार की शाम बरात आई थी। द्वार पूजा के बाद सराती और बाराती खाना खा रहे थे। पंडाल में वरमाला का कार्यक्रम चल रहा था। तभी पंडाल के गेट पर किसी ने फायरिंग कर दी। लड़की पक्ष की ओर से शादी में शामिल होने आए हीरो हुसैन व दुल्हन के बुआ के हाथ में गोली लग गई। गोली चलते ही बरात में अफरातफरी मच गई।
ग्रामीणों व स्वजनों ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया। घटना की सूचना पर एसडीपीओ व सिरसिया थानाध्यक्ष दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच की। पुलिस छापेमारी कर सिरसिया थाना क्षेत्र के सबेया निवासी आलोक मिश्र समेत दो को हिरासत में ली है। उनसे पूछताछ की जा रही है।
जख्मी हीरो हुसैन ने पुराने विवाद में आलोक मिश्र पर फायरिंग करने का आरोप लगाया है। आलोक मिश्र भी लड़की पक्ष की ओर से शादी में शामिल होने आए थे। चनपटिया सीएचसी के चिकित्सक डॉ. मो. सुलतान ने बताया कि रात करीब 11 बजे जख्मी अवस्था में हीरो हुसैन पीएचसी पहुंचे थे। उनके दाहिने हाथ में मामूली जख्म था। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
एसडीपीओ विवेक दीप ने बताया कि पटखौली गांव में आई बारात के दौरान फायरिंग हुई हैं, जिसमें एक महिला समेत दो लोग मामूली रूप से जख्मी हो गए। दो लोगों को हिरासत में लिया गया है। हिरासत में लिए गए एक का आपराधिक पृष्ठभूमि है। उसके निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त हथियार बरामद करने का प्रयास किया जा रहा है। |
|