|
|
हिसार: महिला ने पति की लाइसेंसी पिस्टल से की आत्महत्या।
जागरण संवाददाता, हिसार। जिले के गांव लाडवा की रहने वाली 44 साल की दर्शना देवी ने अपने पति दिलावर सिंह की लाइसेंसी पिस्टल से कनपटी पर गोली मार ली। वारदात को उस समय अंजाम दिया जब घर पर उनके अलावा कोई नहीं था। गोली की आवाज सुनकर आस पड़ोस के लोग घर के अंदर गए और जख्मी हालत में दर्शना को लेकर शहर के एक निजी अस्पताल में लेकर आए। विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें
उपचार के दौरान बुधवार को उसकी मौत हो गई। सदर थाना पुलिस ने दोपहर बाद शव का नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम करवा शव स्वजनों को सौंप दिया। पुलिस ने मृतका के स्वजनों के बयान पर अभी इत्तफाकिया कार्रवाई की है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार लाडवा गांव निवासी दिलावर खेतीबाड़ी का काम करता है। उसके पास लाइसेंसी पिस्टल है जाे उसने घर के अंदर रखी हुई थी।
उसका एक बेटा है। बताया जा रहा है कि दिलावर की पत्नी दर्शना देवी काफी समय से मानसिक परेशान चल रही थी। स्वजन उसका उपचार भी करवा रहे थे। मंगलवार दाेपहर बाद दिलावर किसी काम से घर से बाहर गया हुआ था और उसका बेटा भी घर पर नहीं था। घर पर दर्शना देवी अकेली थी।
मानसिक परेशानी के चलते उसने करीब तीन बजे घर के अंदर रखी पिस्टल निकाली और खुद की कनपटी पर गोली मार ली। गोली की आवाज सुनकर पड़ोसी घर के अंदर आए तो दर्शना लहूलुहान हालत में पड़ी थी। पड़ोसियों ने उसे उठाया और शहर के एक निजी अस्पताल में लेकर आए।
इसी दौरान उसके पति को भी सूचना दी। निजी अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस का कहना है कि मानसिक परेशानी के चलते दर्शना ने खुद को गोली मारी है। पुलिस ने मृतका के स्वजनों के बयान दर्ज कर पोस्टमार्टम करवा उनके हवाले कर दिया। |
|