|
|
बिहार में विधानसभा चुनाव शांतिपूर्ण कराने के लिए गईं झारखंड पुलिस की 23 कंपनियां। फोटो जागरण
राज्य ब्यूरो, रांची। बिहार में विधानसभा चुनाव शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए झारखंड पुलिस की 23 कंपनियां भेजी गईं हैं। ये कंपनियां झारखंड सशस्त्र पुलिस (जैप) व इंडियन रिजर्व बटालियन (आइआरबी) की हैं।
प्रत्येक कंपनी में 78 जवान हैं। इनमें तीन दारोगा, 20 हवलदार, 52 जवान, दो रसोइया व एक झाड़ूकश शामिल हैं। कुल 1794 जवान बिहार भेजे गए हैं। इनका नियंत्रण जैप-6 जमशेदपुर के कमांडेंट आनंद प्रकाश के पास होगा।
चार डीएसपी को भी टीम प्रबंधन के लिए भेजा गया है। इनमें डीएसपी पतरस बरुआ, डेविड ए. डोडराय, अजय कुमार केसरी व ढिल्लू लोहार शामिल हैं। सभी जवानों की 14 नवंबर के बाद वापसी होगी।
दीपावली व छठ को लेकर जवानों की छुट्टियां रद
राज्य में दीपावली व छठ के लिए जवानों की छुट्टियां रद कर दी गईं हैं। बिहार विधानसभा चुनाव में जो कंपनियां भेजी गईं हैं, वे राज्य में सामान्य जगहों पर तैनात थीं। संवेदनशील जगहों पर तैनाती पूर्व की तरह यथावत है। विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें
दीपावली व छठ के मद्देनजर सभी जिलों में अतिरिक्त तैनाती की गई है। त्योहारों पर आपसी सौहार्द न बिगड़े इसके लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। अग्निशमन दस्ता सतर्क है।
धार्मिक स्थलों के आसपास अतिरिक्त बल की तैनाती है, ताकि सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वालों से सख्ती से निपटा जा सके। छठ घाट तालाबों, नदी-डैमों के आसपास एसडीआरएफ, एनडीआरएफ की तैनाती की जाएगी। |
|