|
|
आध्यात्मिक वातावरण में होगा 24 घंटे का हरी कीर्तन! जागरण
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। सनातन संस्कृति और भारतीय आध्यात्मिक परंपराओं के संरक्षण के लिए गुरुकृपा संस्थान, दाउदपुर गोरखपुर में इस बार भी एकादशी पर राम नाम गूंजेगा। इस बार देव उठनी एकादशी के पावन अवसर यानी 18 अक्टूबर पर 38वां श्रीरामचरितमानस अखंड पाठ आयोजित होगा। विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें
संस्थान के “सनातन ग्रंथालय” प्रकल्प के अंतर्गत यह मासिक आयोजन बीते दो वर्षों से लगातार किया जा रहा है। इसका आरंभ चार नवंबर, 2022 को हुआ था। इस अनुष्ठान का उद्देश्य विलुप्त हो रही हमारी प्राचीन मान्यताओं, सोलह संस्कारों और टूटते पारिवारिक रिश्तों में श्रद्धा व आस्था की लौ को पुनः प्रज्वलित करना है।
कार्यक्रम में गोरखपुर शहर के अलावा सुदूर ग्रामीण अंचलों से भी संत-महंतों का आगमन होगा। पूज्य महंतों के सान्निध्य में 24 घंटे अखंड हरी कीर्तन में ‘हरे राम हरे राम, हरे कृष्ण हरे कृष्ण’ गूंजेगा। संस्थान के संस्थापक महासचिव बृजेश राम त्रिपाठी के अनुसार, विशेष बात यह है कि मानस पाठ किसी पेशेवर द्वारा नहीं, बल्कि श्रद्धालु भक्तों में शामिल मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के इंजीनियरिंग छात्र, शिक्षक, प्रोफेसर एवं आम नागरिकों द्वारा किया जाता है।
कार्यक्रम में शालिग्राम-तुलसी विवाह का भी आयोजन होगा। विवाह बरात निकलने से लेकर सभी वैदिक मंगली कार्यक्रम आचार्यगणों द्वारा पूर्ण कराए जाएंगे। इसके साथ ही देवउठनी एकादशी के अवसर पर गंजी, सिंघाड़ा, गन्ना, सुथनी, गुड़ एवं विभिन्न फलों से युक्त फलाहार भंडारे का आयोजन होगा, जिसमें सभी भक्त निशुल्क प्रसाद प्राप्त करेंगे।
बृजेश राम त्रिपाठी ने बताया कि यह आयोजन “लोककल्याण और सनातन धर्म के पुनर्जीवन” का माध्यम बन चुका है। लगातार चल रहे इस मासिक मानस पाठ ने गोरखपुर को आध्यात्मिक चेतना का केंद्र बना दिया है।
बालाजी मंदिर में नौ दिवसीय अखंड कीर्तन में झूमे श्रद्धालु
श्री बालाजी मंदिर तारामंडल में आयोजित नौ दिवसीय अखंड कीर्तन के आखिरी दिन शुक्रवार को श्रद्धालुओं के लिए भक्ति और उल्लास का माहौल लेकर आया। श्रीराम पांडे एवं मंटू पाठक ने अपनी भक्तिमय कीर्तन प्रस्तुति से सभी का मन मोह लिया। बड़ी संख्या में भक्तों ने कीर्तन का आनंद लिया। श्री बालाजी सेवा समिति ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने सभी कलाकारों का अंग वस्त्र और माला पहनाकर स्वागत किया। ट्रस्ट के अध्यक्ष जितेंद्र मणि तिवारी ने कार्यक्रम में सहभागिता करने वाले कलाकारों का उनके योगदान के लिए आभार जताया। |
|