|
|
कायाकल्प कर्मियों का बढ़ेगा वेतन, मिलेगा बोनस। फोटो जागरण
संवाद सहयोगी, पालमपुर। विवेकानंद ट्रस्ट के अध्यक्ष शांता कुमार ने कायाकल्प संस्थान की वार्षिक बैठक में कहा कि इस वर्ष संस्थान ने परिचालन के 20 वर्ष पूरे कर लिए हैं। हिमाचल के लोगों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता पैदा करना व जीवनशैली संबंधित रोगों का उपचार संस्थान की स्थापना का मूल उद्देश्य थे। विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें
आज जिस प्रकार संस्थान ने वैश्विक पहचान बनाई है, उसे देखकर प्रसन्नता होती है कि संस्था मूलभूत उद्देश्यों को पूरा करने में खरा उतरी है। कायाकल्प ने क्वालिटी काउंसिल ऑफ इंडिया के अंतर्गत नाभ की मान्यता प्राप्त की है।
आइएसओ 9001:2015 का गुणवत्ता मानक भी संस्था ने पहले ही प्राप्त किया है। उन्होंने कहा कि देश-विदेश से 50000 से अधिक स्वास्थ्य-साधकों ने संस्था की सेवाओं का लाभ उठाया है। आय के विभिन्न वर्गों के आधार तथा वयोवृद्ध नागरिकों के लिए छूट का विशेष प्रावधान भी किया है।
कुछ समय से योग के प्रचार-प्रसार की दृष्टि से माह में एक योग कैंप स्कूली बच्चों के लिए आयोजित किया जाने लगा है। अब तक 300 छात्र लाभान्वित हो चुके हैं। योग शिक्षक स्कूलों में पहुंचकर देश की उभरती पीढ़ी को योग से अवगत करा रहे हैं।
शांता कुमार ने कहा कि कायाकल्प प्रतिवर्ष अच्छा कार्य कर रहा है तथा आय में भी वृद्धि हो रही है। वार्षिक बैठक में उन्होंने कर्मचारियों के साथ बैठक कर संस्था के सेवा मूल्यों का पाठ दोहराया तथा भविष्य की रूपरेखा पर चर्चा की।
साथ ही सभी कर्मचारियों को वार्षिक वेतन वृद्धि तथा बोनस देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि विवेकानंद ट्रस्ट की चार संस्थाएं स्थापित करने का सपना पूरा हो गया है।
इन चारों संस्थानों में इस क्षेत्र के लगभग 500 लोगों को रोजगार प्राप्त हुआ है। उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की कि धूमधाम से दीवाली मनाएं। बैठक में विवेकानंद ट्रस्ट के विक्रम शर्मा, प्रशासक डा. आशुतोष गुलेरी, संस्थान के चिकित्सक, अधिकारी व सभी कर्मचारी उपस्थित रहे। |
|